पुणे में खंडाला घाट के आडोशी सुरंग के पास केमिकल से भरा टैंकर पलटने के कारण मुंबई पुणे यशवंतराव चव्हाण एक्सप्रेसवे पर करीब 16 घंटे से जाम लगा हुआ है. टैंकर से लगातार गैस रिसाव होने के चलते मुंबई की ओर जाने वाली लेन पूरी तरह बंद कर दी गई. इस वजह से हजारों वाहन चालक जाम में फंस गए, जिसमें मरीज, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे. कई यात्रियों की फ्लाइट छूट गई और लोगों को पानी, भोजन और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ा. प्रशासन और संबंधित विभाग मौके पर युद्ध स्तर पर काम कर रहे हैं, जबकि वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है. पुलिस और राहत टीमों ने सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं. टैंकर से गैस रिसाव रोकने के बाद ही एक्सप्रेसवे खोलने की संभावना है.