बाराबंकी जिला मुख्यालय स्थित सिविल कोर्ट परिसर में देर रात हुई बुलडोजर कार्रवाई से माहौल तनावपूर्ण हो गया. इस कार्रवाई में अधिवक्ताओं के टीन शेड और चैंबर को तोड़ दिया गया, जिससे वकीलों में भारी आक्रोश फैल गया. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई बिना किसी पूर्व सूचना के की गई. जैसे ही इसकी जानकारी अधिवक्ताओं को मिली, बड़ी संख्या में वकील मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिविल बार के पास स्थित कुछ अधिवक्ताओं के टीन शेड और चैंबर को बुलडोजर से ध्वस्त किया जा रहा था. इस दौरान मलबा हटाने का काम भी जारी था. हालांकि, अधिवक्ताओं के मौके पर पहुंचने के बाद उन्होंने मलबा हटाने का काम रुकवा दिया और इस पूरी कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताई. वकीलों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए बुलडोजर मशीन को वापस लौटना पड़ा.