मध्य प्रदेश के ग्वालियर में साइबर ठगी का एक और बड़ा मामला सामने आया है. यहां फेसबुक पर विदेशी महिला की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करना एक ठेकेदार को भारी पड़ गया. दोस्ती के नाम पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे लाखों की विदेशी करेंसी बदलवाने के झांसे तक पहुंच गई और आखिरकार ठेकेदार से 1 लाख 27 हजार रुपये की ठगी कर ली गई. मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, झांसी रोड थाना क्षेत्र के हरिशंकरपुरम निवासी ठेकेदार कमलकांत यादव को 24 अप्रैल को फेसबुक पर “लकी चार्ल्स” नाम की आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली थी.