ग्वालियर में सोमवार दोपहर एक चौंकाने वाला हादसा सामने आया, जिसने नगर निगम मुख्यालय के आसपास मौजूद लोगों को हिला कर रख दिया. यहां एक स्कूटर सवार युवती अचानक अनियंत्रित होकर एक वाहन शोरूम की खुली लिफ्ट में जा गिरी. घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने के कारण इलाके में ट्रैफिक रोका गया था. यह हादसा ग्वालियर नगर निगम मुख्यालय के पास सिटी सेंटर जाने वाले मार्ग पर हुआ. जानकारी के अनुसार दानाओली निवासी दीप्ति माथुर नगर निगम कार्यालय से अपने पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र लेकर लौट रही थीं. उसी दौरान मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने की वजह से पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर ट्रैफिक रोक दिया था. बताया जा रहा है कि बैरिकेड्स पर रोके जाने के बाद दीप्ति ने स्कूटर मोड़कर वापस जाने की कोशिश की. इसी दौरान अचानक स्कूटर का एक्सीलेटर तेज हो गया और स्कूटी गाड़ियों के शोरूम की खुली लिफ्ट में जा गिरी.