राजस्थान के अलवर में दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार की देर रात दर्दनाक हादसा हो गया. लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के मौजपुर के पास सीएनजी और पेट्रोल से चलने वाली कार में गैस रिसाव के कारण अचानक आग लग गई. कार में सवार मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के एक ही परिवार के पांच लोग जिंदा जल गए. मृतकों में तीन महिलाएं, एक पुरुष और एक बच्ची शामिल हैं. सभी वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहे थे. हादसे के समय चालक विनोद कुमार ने चलती कार से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन वह करीब 80 फीसदी झुलस गया. उसका जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा है.