गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में चार साल की बच्ची की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, 11 अप्रैल की रात गश्त के दौरान बीकानेर 80 फुटा रोड पर एक कार के नीचे बच्ची का शव मिलने की सूचना मिली. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराई, जिसमें बच्ची की पहचान हुई. प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि बच्ची को उसका सगा मामा जमील उर्फ छोटू घर से बहला-फुसलाकर ले गया था. आरोप है कि उसने बच्ची की हत्या कर शव को शालीमार गार्डन इलाके में कार के नीचे फेंक दिया. परिजनों ने दुष्कर्म की आशंका जताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं.