मध्य प्रदेश के रीवा में सात युवकों ने दो नाबालिग लड़कियों के साथ गैंगरेप किया. आरोपियों ने घटना के 25 दिनों बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. इसके बाद पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि दो आरोपी अभी भी फरार है.
मामला रीवा के हनुमना थाना क्षेत्र के करकाछ जंगल का है. यहां 16 और 14 साल की दो लड़कियां जगंल में बकरियां चराने जा रही थी. इसी दौरान पड़ोसी गांव के करीब सात युवकों की नजर दोनों नाबालिग लड़कियों पर पड़ी. उन्होंने उनका पीछा किया और जंगल में बंधक बनाकर बारी-बारी से उनका रेप किया. इस दौरान आरोपियों ने हैवानियत का अश्लील वीडियो भी बनाया.
लड़कियों ने डर के कारण किसी को नहीं बताया
आरोपियों ने लड़कियों को डरा धमकाकर वीडियो वायरल करने की धमकी दी. इस कारण दोनों ने घर में किसी को घटना की जानकारी नहीं दी. मगर, आरोपियों ने शनिवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर दिया. इसके बाद वायरल वीडियो पुलिस के हाथ लगते ही पुलिस ने इसकी जांच शुरू की. पुलिस ने दोनों नाबालिग लड़कियों की पहचान कर घटना में शामिल सातों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
घटना 25 दिन पुरानी- एएसपी
इस मामले में एएसपी अनिल सोनकर ने बताया कि पुलिस ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है. घटना 25 दिन पुरानी है. पुलिस ने गैंगरेप में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, दो आरोपी फरार है. जल्द ही उनको भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाकर आरोपियों को जल्द सजा दिलाई जाएगी. आरोपियों की पहचान पुष्पेंद्र सिंह, इंदल सिंह, बृजभान सिंह, शिवलाल सिंह, सुनील सिंह, ओमप्रकाश सिंह सहित एक अन्य के रूप में हुई है.