Chawal ke Aate ka Chilla Recipe: चावल के आटे से मिनटों में बनाएं क्रिस्पी चीला, स्वाद ऐसा कि हर कोई पूछेगा रेसिपी
Chawal ke Aate ka Chilla Recipe: आपने अब तक कई तरह के चीले खाए होंगे लेकिन क्या कभी चावल के आटे से बना क्रिस्पी चीला ट्राई किया है. आज हम आपको चावल के आटे से चीला बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे, जिसे एक बार खाने के बाद आपको बार-बार खाने का मन करेगा.
Chawal ke Aate ka Chilla Recipe: भारतीय नाश्ते में चीला सबसे ज्यादा खाए जाने वाले ब्रेकफास्ट में से एक है. यह आसानी से बन जाता है और हेल्दी होने के साथ-साथ खाने में भी काफी टेस्टी लगता है. आज हम आपको चावल के आटे से क्रिस्पी चीला बनाना बताएंगे. यह चीला बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट होता है. साथ ही इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता.
प्याज, हरी मिर्च और धनिया के स्वाद से भरपूर यह चीला बनाना बेहद आसान है. इसका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि बच्चे से लेकर बड़ों तक सभी मांग-मांग कर खाएंगे. आइए जानते हैं कि मिनटों में चावल के आटे से क्रिस्पी चीला कैसे बना सकते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
इंग्रेडिएंट्स (ingredients)
1 कप चावल का आटा
1 छोटी कटोरी प्याज
2 हरी मिर्च
2 कप पानी
1 बड़ा चम्मच धनिया पत्ती
1 बड़ा चम्मच तेल
नमक स्वादानुसार
चावल के आटे से चीला बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़ा बाउल लेकर उसमें चावल का आटा डालें.
अब इसमें गुनगुना पानी डालकर अच्छी तरह मिक्स करें ताकि एक स्मूद घोल तैयार हो जाए. ध्यान रखें कि घोल ज्यादा पतला न हो.
इसके बाद प्याज, हरी मिर्च और धनिया पत्ती को बारीक काटकर घोल में डालें. आप चाहें तो इसमें टमाटर, गाजर या शिमला मिर्च जैसी सब्जियां भी मिला सकते हैं. अब स्वादानुसार नमक डालकर सब कुछ अच्छे से मिक्स कर लें.
अब गैस पर पैन गर्म करें और उसमें थोड़ा तेल डालें. जब पैन गर्म हो जाए तो तैयार घोल डालकर हल्के हाथ से फैला दें.
मीडियम गैस पर चीले को दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेंकें.
जब चीला तैयार हो जाए तो इसे टोमैटो सॉस, हरी चटनी या दही के साथ गरमा-गरम परोसें.