अलीपुरद्वार जिले के दलसिंगपारा में मंगलवार को 30 वर्षीय एक गर्भवती महिला का शव मिला है जिसके शरीर पर जख्म के कई निशान हैं.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मेघारिया ने बताया कि पीड़िता रेखा देवी शाह के ढाई वर्षीय बच्चे की रोने की आवाज सुनने के बाद पड़ोसियों ने कमरे का दरवाजा तोड़ दिया और पुलिस को सूचना दी.
मेघारिया ने बताया कि रेखा देवी का शव जमीन पर पड़ा हुआ मिला और बच्चा वहीं बगल में रो रहा था. उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि गर्भवती रेखा देवी की हाथापाई के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी गयी.
उन्होंने बताया कि उसका पति बिहार गया हुआ है और उसके सास-ससुर भी शहर से बाहर गये हुये हैं. उन्होंने कहा कि हत्या का कारण संपत्ति विवाद हो सकता है.