बिहार बोर्ड ने आज शुक्रवार को 10वीं कक्षा के लिए हुई सामाजिक विज्ञान की परीक्षा को रद्द कर दिया है. सुबह परीक्षा शुरू होने से पहले ही पेपर लीक हो गया था. पेपर लीक मामले में SBI झाझा के तीन कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है. इस बीच नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने पेपर लीक मामले को विधानसभा में भी उठाया था.
जमुई जिले के झाझा से सामाजिक विज्ञान का पेपर लीक हुआ था. पेपर लीक मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. यही नहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बोर्ड अध्यक्ष को मामले पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे.
पेपर लीक मामले में SBI झाझा के तीन कर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पेपर यहीं रिजर्व करके रखा गया था. गिरफ्तार संविदा कर्मी विकास कुमार का कोई संबंधी इस साल बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहा है, उसे फोटो खींचकर भेजा था. विकास कुमार के अलावा SBI झाझा के ही अजीत कुमार और शशिकांत चौधरी को भी गिरफ्तार किया गया है.
तेजस्वी यादव ने उठाया मुद्दा
पेपर लीक को लेकर तेजस्वी यादव ने आज ये मुद्दा विधानसभा में भी उठाया था. बाद में तेजस्वी ने ट्वीट कर सरकार पर आरोप लगाया. उन्होंने कहा, 'बिहार में कोई भी ऐसी परीक्षा नहीं, जिसमें कोई धांधली नहीं हुई हो?'
बिहार में कोई भी ऐसी परीक्षा नहीं,जिसमें कोई धांधली नहीं हुई हो?
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) February 19, 2021
कोरोना में पूरे साल स्कूलों में पढ़ाई हुई नहीं, ऊपर से बिना तैयारी करवाए समय पर परीक्षा!
अब तक हुए मैट्रिक के तीनों में से तीनों पेपर लीक हो चुके है लेकिन CM और मंत्री को जानकारी ही नहीं।सब हमें ही बताना पड़ता है। pic.twitter.com/e0lvINuvun
उन्होंने आगे लिखा, 'कोरोना में पूरे साल स्कूलों में पढ़ाई हुई नहीं, ऊपर से बिना तैयारी करवाए समय पर परीक्षा! अब तक हुए मैट्रिक के तीनों में से तीनों पेपर लीक हो चुके हैं, लेकिन मुख्यमंत्री और मंत्री को जानकारी ही नहीं. सब हमें ही बताना पड़ता है.
बिहार बोर्ड की परीक्षा 17 फरवरी से शुरू हुई है. मैट्रिक यानी 10वीं की परीक्षा में इस साल 16 लाख 84 हजार 446 छात्र हिस्सा ले रहे हैं. पूरे राज्य में 1,525 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा केंद्रों के नजदीक सुरक्षा की दृष्टि से 144 धारा लगाई गई. साथ ही वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जा रही है. बोर्ड परीक्षा 24 फरवरी तक चलेगी.
पहले दिन विज्ञान का पेपर हुआ. मैट्रिक परीक्षा को लेकर राज्यभर में 1,525 परीक्षा केंद्रों पर कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए परीक्षा ली जा रही है.