केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 12वीं के रिजल्ट के बाद शुरू हुई कॉपियों के री-चेकिंग की प्रक्रिया बड़े विवाद में बदल गई है. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 12वीं के रिजल्ट के बाद शुरू हुई कॉपियों के री-चेकिंग की प्रक्रिया आज बड़े विवाद में बदल गई है. साल 2026 में फीस में की गई भारी कटौती के बाद कॉपियों की स्कैन कॉपी (फोटो) हासिल करने के लिए छात्रों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिसके कारण बोर्ड का मुख्य सर्वर ठप हो गया.
भारी ट्रैफिक के चलते बोर्ड ने इसकी आखिरी तारीख बढ़ाकर आज 24 मई 2026 की थी, लेकिन आखिरी दिन भी पोर्टल पर तकनीकी खराबी (टेक्निकल ग्लिच) के चलते छात्रों के खातों से गलत पैसे कटने का बड़ा मामला सामने आया है.
मामला तब और गंभीर हो गया जब पोर्टल पर पेमेंट के दौरान छात्रों के खातों से गलत पैसे कटने लगे. सोशल मीडिया पर मचे भारी बवाल के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने खुद इस मामले का संज्ञान लेते हुए सीबीएसई से विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी. इसके तुरंत बाद, आज 24 मई 2026 को सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने एक आधिकारिक नोटिस जारी कर बड़ी राहत की घोषणा की है.
पोर्टल पर क्या हुई थी दिक्कत?
19 मई को विंडो ओपन होने के बाद से ही छात्रों को लॉगिन एरर, इनवैलिड टोकन और बार-बार सर्वर क्रैश होने जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था. छात्रों का आरोप है कि कइयों के बैंक खातों से पैसे कट गए लेकिन स्क्रीन पर 'पेमेंट अनसक्सेसफुल' दिखाता रहा. कुछ छात्रों को तो बहुत धुंधली (Blurry) स्कैन कॉपियां अपलोड कर दी गईं, जिन्हें पढ़ना भी नामुमकिन था.
सीबीएसई ने जारी किया आधिकारिक नोटिस, ये थे पॉइंट्स
गलत कटी फीस होगी वापस: सीबीएसई ने स्वीकार किया है कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण कई छात्रों से अधिक राशि (ओवर चार्ज्ड) वसूल ली गई है. बोर्ड ने भरोसा दिया है कि जिन छात्रों के खातों से भी एक्स्ट्रा पैसे कटे हैं, उन्हें उसी मूल भुगतान माध्यम (Same Payment Mode) से पूरा पैसा रिफंड कर दिया जाएगा. छात्रों को इसके लिए कोई अलग से आवेदन करने की जरूरत नहीं है.
कम पैसे कटने वालों को देना होगा नोटिस: जिन छात्रों के खाते से सिस्टम एरर के कारण तय राशि से कम पैसे कटे हैं, उन्हें बोर्ड अलग से सूचित करेगा.
बिना नए आवेदन के मिलेगी स्कैन कॉपी: बोर्ड ने साफ कर दिया है कि इस गड़बड़ी से प्रभावित हुए छात्रों को बिना किसी नए आवेदन या अतिरिक्त परेशानी के उनके उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी जारी की जाएगी.