वाट्सएप वीडियो कॉलिंग (Whatsapp Video Calling) कर अश्लील वीडियो (Offensive Video) बनाकर बुजुर्ग से लाखों की ठगी की गई है. मामला हिमाचल के हमीरपुर जिले के नादौन कस्बे का है. यहां सरकारी विभाग से रिटायर वृद्ध को बातों में फंसाकर एक महिला ने अश्लील वीडियो बनाया.
इसके बाद वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर करीब 16 लाख रुपये की ठगी कर ली. इसके बाद भी पैसों की डिमांड खत्म नहीं हुई. परेशान होकर वृद्ध ने पुलिस को पूरे मामले के बारे में बताया और केस दर्ज कराया है.
वीडियो कॉल पर बनाया अश्लील वीडियो
सरकारी विभाग के रिटायर हुए 62 साल के बुजुर्ग के वाट्सएप नंबर पर एक महिला का मैसेज आया. महिला ने बुजुर्ग को बातों में फंसाकर वीडियो कॉलिंग के जरिये उनकी अश्लील वीडियो बना ली.
थोड़ी देर बाद बुजुर्ग के नंबर पर वीडियो शेयर करते हुए पैसों की डिमांड की गई. ऐसा नहीं करने पर वीडियो को वायरल करने की धमकी दी गई. वीडियो देखकर घबराए बुजुर्ग ने इज्जत बचाने के लिए किसी को बताए बिना महिला के बताए बैंक खाते में पैसे डाल दिए.
डिमांड बढ़ते जाने पर की पुलिस से शिकायत
अगले ही दिन बुजुर्ग को गैंग की तरफ से कॉल आया और दोबारा पैसों की डिमांड की गई. गैंग ने नौ दिनों में बुजुर्ग से 15 लाख 70 हजार रुपये की ठगी की है. जब गैंग द्वारा और ज्यादा रुपयों की डिमांड की गई, तो बुजुर्ग परेशान हो गए.
उन्होंने अपने पोते को पूरी बात बताई. इसके बाद पोते के कहने पर वृद्ध ने मामले की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई. पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है.
ऐसे मामलों में घबराएं नहीं- एसपी आकृति शर्मा
हमीरपुर एसपी आकृति शर्मा ने कहा, "इस तरह के कई मामले सामने आ रहे हैं. अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर लोगों को ठगा जा रहा है. जिस किसी भी व्यक्ति के साथ ऐसी घटना होती है, तो उसे घबराना नहीं चाहिए. सीधे जाकर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराए."
उन्होंने आगे कहा, "कोई कितना भी ब्लैकमेल करे, लेकिन ऐसे लोगों को पैसे भेजने की कोई जरूरत नहीं है. अंजान महिलाओं के साथ किसी भी तरह की चौटिंग या वीडियो कॉल न करें. यदि उनके जाल में फंस भी जाते हैं, तो पैसे देने से इंकार कर दें."