व्हाइट हाउस फायरिंग: लाइव रिपोर्टिंग के दौरान गोलियों की गूंज, जान बचाती दिखीं पत्रकार, कैमरे में कैद हुआ भयानक मंजर

अमेरिका में व्हाइट हाउस के पास एक अज्ञात हमलावर ने 20 से 25 राउंड फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में हमलावर को गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई. इस दौरान व्हाइट हाउस के पास रिपोर्टिंग कर रही एक पत्रकार का वीडियो भी सामने आया है जो फायरिंग की आवाज सुनकर अपनी जान बचाती दिखीं.

Advertisement
गोलियों की आवाज सुनकर पत्रकार टेबल के नीचे छिपीं. (Photo- Screengrab) गोलियों की आवाज सुनकर पत्रकार टेबल के नीचे छिपीं. (Photo- Screengrab)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 24 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:29 AM IST

अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन में व्हाइट हाउस के एक सुरक्षा चेकपॉइंट पर एक शख्स ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान वहां लाइव रिपोर्टिंग कर रही एक महिला पत्रकार को अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई दी, जिसके बाद वो अपनी जान बचाती नजर आईं. 

शनिवार शाम करीब 6 बजे (अमेरिकी समयानुसार) रोज की तरह व्हाइट हाउस के बाहर पत्रकार रिपोर्टिंग कर रहे थे. वहां मौजूद एक महिला पत्रकार भी रिपोर्टिंग कर रही थीं. गोलीबारी की आवाज सुनते ही पत्रकार तुरंत अपनी पोजीशन छोड़कर टेबल के नीचे छिपती दिखीं. ये पूरा मंजर उसी कैमरे में कैद हो गया, जिससे वो रिपोर्टिंग कर रही थीं.

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, हमलावर ने 20 से 25 राउंड की फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में हमलावर को मौके पर ही गोली मार दी गई, जिसकी बाद उसकी मौत हो गई. वहीं, एक और शख्स भी घायल हो गया.

फायरिंग के बाद पत्रकारों को शरण लेने के निर्देश

व्हाइट हाउस में काम कर रहे दूसरे पत्रकारों ने भी बताया कि उन्होंने लगातार कई गोलियां चलने की आवाजें सुनीं. फायरिंग के तुरंत बाद सभी पत्रकारों को सुरक्षा के लिहाज से प्रेस ब्रीफिंग रूम के अंदर ही शरण लेने (सीक शेल्टर) के निर्देश दिए गए.

चेकपॉइंट पर आकर बैग से निकाली बंदूक

यूएस सीक्रेट सर्विस ने एक बयान जारी करते हुए बताया कि एक अज्ञात शख्स शनिवार शाम 6 बजे के तुरंत बाद व्हाइट हाउस के एक सुरक्षा चेकपॉइंट के पास पहुंचा. उसने अचानक अपने बैग से एक हथियार निकाला और वहां तैनात सुरक्षा अधिकारियों पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी.

Advertisement

चेकपॉइंट पर तैनात सीक्रेट सर्विस के जवानों ने बिना कोई वक्त गंवाए तुरंत जवाबी फायरिंग की, जिसमें संदिग्ध हमलावर ढेर हो गया. सुरक्षाबल उसे तुरंत पास के एक अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर (बायस्टैंडर) भी गोली लगी जिससे वो घायल हो गया. 

सीक्रेट सर्विस ने ये भी साफ किया कि फायरिंग के वक्त राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में ही मौजूद थे और वो पूरी तरह सुरक्षित हैं. 

इससे पहले सीक्रेट सर्विस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर बताया था कि उन्हें व्हाइट हाउस से महज एक ब्लॉक दूर 17th स्ट्रीट और पेंसिल्वेनिया एवेन्यू NW के पास गोलियां चलने की रिपोर्ट मिली थी.

जोहरान ममदानी ने फायरिंग पर दी प्रतिक्रिया

व्हाइट हाउस के पास हुई इस फायरिंग को लेकर न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने सोशल मीडिया पर गुस्सा जाहिर किया है. उन्होंने लिखा, व्हाइट हाउस के पास गोलियां चलने की घटना से मैं बेहद सहमा और डरा हुआ हूं. सीक्रेट सर्विस की त्वरित और साहसिक कार्रवाई के लिए मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं. हमारे लोकतंत्र में राजनीतिक हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है.

भगवान का शुक्र है राष्ट्रपति ट्रंप पूरी तरह सुरक्षित- रिपब्लिकन पार्टी

Advertisement

वहीं, अमेरिकी संसद में रिपब्लिकन पार्टी ने भी पोस्ट कर कहा, 'भगवान का शुक्र है कि राष्ट्रपति ट्रंप पूरी तरह सुरक्षित हैं. सीक्रेट सर्विस की तत्काल और वीरतापूर्ण कार्रवाई के लिए हम उनका असीम आभार व्यक्त करते हैं. इस राजनीतिक हिंसा को अब हर हाल में रुकना होगा.'

यह भी पढ़ें: LIVE: व्हाइट हाउस के पास 25 राउंड फायरिंग, घटना के वक्त परिसर में मौजूद थे राष्ट्रपति ट्रंप, संदिग्ध हमलावर मारा गया

अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग के मंत्री मार्कवेन मुलिन ने भी इस घटना पर लगातार नजर बनाए रखने की बात कही है. उन्होंने कहा, 'मैं व्हाइट हाउस के पास हुई इस गोलीबारी की घटना पर बारीकी से नजर रख रहा हूं. जैसे ही हमारे पास और जानकारी आएगी, हम जनता को अपडेट करेंगे. आज रात हुई ये फायरिंग इस बात की याद दिलाती है कि हमारे कानून प्रवर्तन अधिकारियों को हर दिन किस तरह के खतरों का सामना करना पड़ता है. मैं सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों की बहादुरी और त्वरित कार्रवाई के लिए उनका धन्यवाद करता हूं. खुशी की बात है कि कोई भी अधिकारी घायल नहीं हुआ.'

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement