टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर 12 राउंड मुकाबले में पाकिस्तान ने टीम इंडिया को रविवार को 10 विकेट से हराकर बड़ी जीत दर्ज की. अब तक हर बार क्रिकेट वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में पाकिस्तानी टीम को शिकस्त मिलती रही थी, लेकिन दुबई में खेले गए मुकाबले में बाबर आजम के नेतृत्व वाली पाकिस्तानी टीम ने विराट सेना को पराजित कर दिया.
इस बीच, विश्व कप में पहली जीत मिलने से पाकिस्तानी गृह मंत्री शेख रशीद बौखला गए. उन्होंने पाकिस्तान टीम की जीत के बाद ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें यहां तक कह दिया कि भारत के मुसलमानों के जज्बात भी पाकिस्तानी टीम के साथ थे.
वीडियो में क्या-क्या बोल गए पाकिस्तानी गृह मंत्री?
टीम इंडिया के खिलाफ पहली बार विश्व कप में जीत मिलने से गदगद पाकिस्तानी गृह मंत्री रशीद ने एक मिनट 11 सेकंड का वीडियो अपलोड कर अपनी टीम को बधाई दी. उन्होंने कहा, ''पाकिस्तान की कौम को जीत पर मुबारकबाद देता हूं. जिस तरह से टीम ने शिकस्त दी है, उसे सलाम करता हूं. आज पाकिस्तान ने अपना लोहा मनवाया है. मुझे अफसोस है कि यह पहला भारत-पाकिस्तान मैच है, जिसे मैं कौमी जिम्मेदारियों की वजह से ग्राउंड में नहीं खेल सका. लेकिन मैं तमाम ट्रैफिक को कह दिया है कि कंटेनर हटा दिए जाएं ताकि कौम अपने जश्न को मनाए. पाकिस्तान की टीम और कौम को मुबारक हो. आज हमारा फाइनल था. हिन्दुस्तान समेत दुनिया के मुसलमानों के जज्बात पाकिस्तानी टीम के साथ थे. सारी इस्लाम को फतह मुबारक हो.''
پاکستان انڈیا میچ ٹکرا:
پاکستانی کرکٹ ٹیم اور عوام کو مبارکباد پیش کرتا ہوں.https://t.co/Tc0IG0n2DJ@GovtofPakistan @ImranKhanPTI #PakvsIndia pic.twitter.com/e9RkffrK2O
यूएई पहुंचे रशीद को इमरान ने बुला लिया था वापस
पाकिस्तान के गृह मंत्री शेख रशीद भारत और पाकिस्तान का मैच देखने के लिए यूएई पहुंचे थे, लेकिन पाकिस्तान के मौजूदा हालात के चलते उन्हें पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान ने वापस बुला लिया था. दावा किया गया था रशीद को पाकिस्तान की मौजूदा सुरक्षा स्थितियों से निपटने के लिए बुलाया गया. दरअसल, पाकिस्तान में कट्टरपंथी समूह तहरीर ए लब्बैक पाकिस्तान (टीएलपी) ने ऐलान किया था कि वह अपने प्रमुख हाफिज हुसैन रिजवी की नजरबंदी के खिलाफ इस्लामाबाद में एक बड़ा मार्च निकालेगा. बताया गया कि इसी के चलते शेख रशीद को वापस देश बुलाया गया था.
10 विकेट से पाकिस्तान को मिली जीत
पाकिस्तान से वर्ल्ड कप में लगातार जीत का सिलसिला आखिरकार रविवार को टूट गया. रविवार को खेले गए मैच से पहले तक विश्व कप में भारत और पाकिस्तान ने कुल 12 बार मुकाबले खेले थे, जिसमें हर बार पड़ोसी देश को हार नसीब हुई थी. रविवार को खेले गए मुकाबले में विराट की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 151 रन बनाए. सिर्फ कप्तान विराट कोहली का ही बल्ला चल सका और उन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली. जवाब में टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने बिना कोई विकेट खोए हुए लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया.
aajtak.in