चीन के एक बजट होटल का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वजह है उस होटल में मिलने वाली सुविधाएं, जिन्हें देखकर लोग हैरान रह गए. खास बात यह है कि इस होटल रूम का किराया सिर्फ 1100 रुपये प्रति रात बताया गया है, जो चीनी करेंसी में करीब 95 युआन होता है.
यह वीडियो भारतीय ट्रैवल व्लॉगर अनंत ने शेयर किया है, जो इंस्टाग्राम पर @onroadindian नाम से मौजूद हैं. वीडियो में उन्होंने चीन के बड़े शहर चेंगदू में स्थित एक 'लोफ्ट रूम' का टूर कराया. 'लोफ्ट रूम' ऐसा कमरा होता है, जिसमें ऊंची छत और दो लेवल जैसा डिजाइन होता है. आमतौर पर नीचे बैठने, किचन या काम करने की जगह होती है, जबकि ऊपर सोने के लिए बेड बनाया जाता है.
इसे आसान भाषा में समझें तो यह छोटे डुप्लेक्स जैसा कमरा होता है. इसमें सीढ़ियों के जरिए ऊपर जाया जाता है. लोफ्ट रूम जगह बचाने के साथ-साथ मॉडर्न और स्टाइलिश लुक भी देता है. अनंत ने चेंगदू की तुलना अहमदाबाद से करते हुए कहा कि यह शहर आकार और विकास के मामले में काफी बड़ा है और उनका होटल सिटी सेंटर के पास स्थित था.
वीडियो की शुरुआत में अनंत कहते हैं कि आइए दिखाता हूं चीन कैसे रह रहा है. सिर्फ 1100 रुपये में चीन आपको क्या-क्या दे सकता है, जरा ध्यान से देखिए.
देखें वीडियो
इसके बाद वह कमरे की एक-एक सुविधा दिखाते हैं. होटल रूम में वॉशिंग मशीन, फ्रिज, इंडक्शन स्टोव, इलेक्ट्रिक केतली, तौलिए और कॉम्पैक्ट बाथरूम जैसी सुविधाएं मौजूद थीं. कमरे में सोफा सीटिंग एरिया और बड़ा टेलीविजन भी था. सबसे ज्यादा लोगों का ध्यान कमरे के डुप्लेक्स स्टाइल ऊपरी हिस्से ने खींचा, जहां बेड और झूमर लगाया गया था.
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने भारत और चीन के होटल सिस्टम की तुलना शुरू कर दी. कई यूजर्स ने कहा कि भारत में इतनी कीमत में इतनी सुविधाएं मिलना मुश्किल है.एक यूजर ने लिखा कि चेंगदू चीन के बड़े शहरों के मुकाबले छोटा हो सकता है, लेकिन अगर भारतीय शहरों से तुलना करें तो यह काफी बेहतर लगता है.
एक अन्य यूजर ने कहा कि मैं चेन्नई गया था, वहां 1500 रुपये रोज देने के बाद भी सिर्फ AC और दो बेड वाला कमरा मिला था.वहीं एक और यूजर ने लिखा कि यह भारतीय होटलों से काफी बेहतर है, जहां एक रात के लिए 2500-2800 रुपये तक चार्ज कर लिया जाता है.
सोशल मीडिया पर यह वीडियो अब तेजी से शेयर किया जा रहा है और लोग चीन में मिलने वाली बजट सुविधाओं को लेकर जमकर चर्चा कर रहे हैं.
aajtak.in