पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट पर दोबारा हुई वोटिंग के नतीजों ने हर किसी को हैरान कर दिया. यहां बीजेपी उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने करीब 1 लाख वोटों के भारी अंतर से बंपर जीत हासिल की है. इस करारी हार के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र पर फिर से 'वोटों की चोरी' का बड़ा आरोप लगाया है. सिर्फ बंगाल ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर भी इस समय हलचल काफी तेज है, जहां अमेरिका और ईरान के बीच जंग टलने और जल्द ही किसी बड़े समझौते की उम्मीदें बढ़ गई हैं. देश में यूपी मदरसा बोर्ड के नतीजों से लेकर उत्तर भारत में भीषण गर्मी के प्रकोप और खेल के मैदान में बने नए नेशनल रिकॉर्ड तक, कई ऐसी बड़ी हलचलें हैं जो आज लगातार चर्चा में बनी हुई हैं. पढ़ें रविवार शाम की बड़ी खबरें.
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने जीत हासिल कर ली है. दोबारा हुई वोटिंग की मतगणना में बीजेपी उम्मीदवार ने करीब 1 लाख वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की है. नतीजे को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि फिर से वोटों की चोरी की गई.
कुछ ही घंटों में दुनिया को मिल सकती है 'गुड न्यूज', US-ईरान जंग को लेकर रुबियो का बड़ा बयान
होर्मुज को लेकर जारी तनाव के बीच अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते की उम्मीदें तेज़ हो गई हैं. अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने संकेत दिए हैं कि अगले कुछ घंटों में बड़ी घोषणा हो सकती है. रूबियो का यह बयान राष्ट्रपति ट्रंप की उस घोषणा के बाद आया, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि वॉशिंगटन और तेहरान समझौते के बेहद करीब हैं.
ईरान ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि अगले 30 दिनों में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों की तादाद फिर से पहले जैसी हो सकती है. यानी जंग से पहले जितने जहाज इस रास्ते से गुजरते थे, उतने फिर से गुजरने लगेंगे. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के बंद होने की वजह से तेल की सप्लाई धीमी पड़ गई और दुनिया भर में तेल के दामों पर असर पड़ रहा है.
बांग्लादेशी और रोहिंग्याओं को डिपोर्ट करने के लिए बनेंगे होल्डिंग सेंटर, शुभेंदु सरकार का बड़ा फैसला
पश्चिम बंगाल सरकार ने अवैध बांग्लादेशी और रोहिंग्या नागरिकों को उनके देश वापस भेजने के लिए विशेष 'होल्डिंग सेंटर' बनाने के निर्देश जारी किए हैं. सभी ज़िलाधिकारियों को इन सेंटरों के लिए सही स्थान खोजने और कार्रवाई शुरू करने को कहा गया है. प्रशासन का फोकस सीमावर्ती ज़िलों पर है, जहां अवैध प्रवासियों के होने की अधिक उम्मीद रहती है.
यूपी मदरसा बोर्ड रिजल्ट जारी, कुल 88.26% छात्र पास! बेटों से कहीं आगे निकल गईं बेटियां
UP मदरसा शिक्षा परिषद ने साल 2026 की मुंशी/मौलवी (सेकेंडरी) और आलिम (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षाओं का वार्षिक परिणाम घोषित कर दिया है. इस साल यूपी सरकार के कड़े और आधुनिक सुधारों के बीच आयोजित हुई परीक्षाओं का कुल पास प्रतिशत 88.26% रहा है. 80,933 पंजीकृत छात्र-छात्राओं में से 55,788 विद्यार्थी परीक्षा पास करने में सफल रहे हैं.
UP में भीषण गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए CM योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सतर्क और अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं. CM ने जिलाधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियों को स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा है. CM योगी ने आम जनता से भी लू और भीषण गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है.
भीषण लू के चलते जम्मू के स्कूलों में हो गईं गर्मी की छुट्टियां, जानिए कब से बंद होंगे स्कूल
भीषण गर्मी और जानलेवा लू के प्रकोप के बीच जम्मू में सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है. प्रदेश की शिक्षा मंत्री सकीना इतू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर खुद इसकी घोषणा की है. उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और मौसम के मिजाज को देखते हुए यह फैसला बेहद ज़रूरी था.
RJD को झटका, तेजस्वी की करीबी रहीं रितु जायसवाल बीजेपी में होंगी शामिल, संजय सरावगी दिलाएंगे सदस्यता
RJD की पूर्व महिला प्रदेश अध्यक्ष रितु जायसवाल लालू की पार्टी का दामन छोड़कर अब बीजेपी में शामिल होने जा रही हैं. बताया जा रहा है कि वह 26 मई मंगलवार को पटना स्थित BJP के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक विशेष समारोह में भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण करेंगी. रितु जायसवाल तेजस्वी यादव की सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में से एक मानी जाती थीं.
जमीन, जनाधार और चुनावी चुनौतियां... BSP की बैठक में मायावती ने बताया 5वीं बार कैसे बनेगी सरकार
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर BSP सुप्रीमो मायावती ने रविवार को लखनऊ में यूपी स्टेट यूनिट के पदाधिकारियों के साथ एक बड़ी समीक्षा बैठक की. मायावती ने कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से जमीन पर काम करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही उन्होंने जनता से अपील की है कि वो विरोधी पार्टियों की छल वाली राजनीति से खुद को बचाकर रखें.
भारत का नया स्प्रिंट किंग! गुरिंदरवीर सिंह ने वो कर दिखाया, जो किसी ने सोचा नहीं था
रांची में आयोजित फेडरेशन कप एथलेटिक्स चैम्पियशिप में गुरिंदरवीर सिंह ने पुरुषों की 100 मीटर दौड़ सिर्फ 10.09 सेकेंड में पूरी कर नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया है. वह 100 मीटर स्पर्धा में 10.10 सेकेंड से कम समय निकालने वाले पहले भारतीय पुरुष धावक बन गए. इस शानदार प्रदर्शन के साथ गुरिंदरवीर ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है.
aajtak.in