दवाएं महंगी, फाइलें गायब... दिल्ली के अस्पतालों में 650 करोड़ का घोटाला

दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में दवाओं और मेडिकल उपकरणों की खरीद में 650 करोड़ रुपए से ज्यादा के घोटाले का खुलासा हुआ है. सरकारी अस्पतालों के लिए की जाने वाली दवाओं, मेडिकल उपकरणों, मरीजों की चादरों, एक्स-रे मशीनों और एनेस्थीसिया से जुड़े उपकरणों की खरीद में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई है. अब एसीबी इस मामले की जांच कर रही है.

Advertisement
ACB इस घोटाले की जांच कर रही है. (Photo- Representational) ACB इस घोटाले की जांच कर रही है. (Photo- Representational)

सुशांत मेहरा

  • नई दिल्ली,
  • 09 जून 2026,
  • अपडेटेड 11:39 AM IST

दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में दवाओं और मेडिकल उपकरणों की खरीद में एक बहुत बड़ा घोटाला सामने आया है. दिल्ली सरकार की सेंट्रल प्रोक्योरमेंट एजेंसी में हुए 650 करोड़ रुपये से ज्यादा के इस घोटाले की जांच अब एंटी करप्शन ब्यूरो को सौंप दी गई है.

उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के संयुक्त निर्देशों के तहत एसीबी ने भ्रष्टाचार अधिनियम की अलग-अलग धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है. शुरुआती जांच के मुताबिक, सरकारी अस्पतालों के लिए की जाने वाली दवाओं, मेडिकल उपकरणों, मरीजों की चादरों, एक्स-रे मशीनों और एनेस्थीसिया से जुड़े उपकरणों की खरीद में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई है.

Advertisement

आरोप है कि कई चीजों को जानबूझकर बाजार की सामान्य दरों से कहीं ज्यादा कीमतों पर खरीदा गया, जिससे सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का सीधा नुकसान पहुंचाया गया. अधिकारियों पर केंद्रीकृत खरीद व्यवस्था का गलत फायदा उठाकर संदिग्ध और मनमाने टेंडर जारी करने के भी आरोप है.

छापेमारी में फाइलें गायब, लॉकर भी मिले खाली

मामले का खुलासा तब हुआ जब विजिलेंस विभाग की टीम ने इस खरीद से जुड़े दफ्तरों पर छापेमारी की. इस दौरान कई अहम टेंडरों से जुड़ी फाइलें गायब पाई गईं. इतना ही नहीं, जांच टीम ने जब संदिग्ध अधिकारियों के लॉकर खुलवाए, तो वहां से भी कई अहम दस्तावेज गायब मिले.

कुछ अधिकारियों पर ये भी आरोप है कि उन्होंने अपनी पसंद के लोगों को पदों पर नियुक्त किया ताकि पूरी खरीद प्रणाली को प्रभावित किया जा सके. इसके अलावा, जिन टेंडरों को पहले रोक दिया गया था, उन्हें बाद में अचानक बहुत तेजी से मंजूरी दे दी गई, जिससे शक और गहरा गया है.

Advertisement

40 डॉक्टरों और अफसरों का ट्रांसफर

इस घोटाले की गंभीरता और जांच को प्रभावित होने से बचाने के लिए प्रशासन ने हाल ही में स्वास्थ्य विभाग के सीनियर अधिकारियों समेत करीब 40 डॉक्टरों और कर्मचारियों का ट्रांसफर कर दिया था. अब इस मामले में एसीबी की टीम लगातार एक्शन में है और संदिग्ध अधिकारियों और डॉक्टरों से पूछताछ कर रही है. जांच एजेंसी ने लगभग 10 डॉक्टरों, 35 कर्मचारियों और आउटसोर्स स्टाफ को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया है.

यह भी पढ़ें: शिक्षक भर्ती घोटाला केस में अभिषेक बनर्जी से ED करेगी पूछताछ, 15 जून को किया तलब

अब घोटाले से जुड़े टेंडर प्रक्रिया, भुगतान रिकॉर्ड और गायब हुई फाइलों के बीच कड़ियों को जोड़ा जा रहा है. वहीं, जांच एजेंसी ने चेतावनी दी है कि जांच में सहयोग न करने या जानबूझकर सरकारी दस्तावेजों को छिपाने वाले किसी भी अधिकारी पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »