MLC चुनाव: 12वीं पास या इंजीनियर? निशांत कुमार के हलफनामे ने खींचा सबका ध्यान

बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन करने वाले उम्मीदवारों के चुनावी हलफनामों से कई दिलचस्प जानकारियां सामने आई हैं. जदयू उम्मीदवार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी नहीं की है. हलफनामे के अनुसार उन्होंने आठ में से सिर्फ पांच सेमेस्टर की पढ़ाई की. वहीं आरजेडी उम्मीदवार सुनील कुमार सिंह सबसे अमीर उम्मीदवार हैं.

Advertisement
निशांत कुमार के हलफनामे ने खींचा ध्यान. (Photo PTI) निशांत कुमार के हलफनामे ने खींचा ध्यान. (Photo PTI)

शशि भूषण कुमार

  • पटना ,
  • 09 जून 2026,
  • अपडेटेड 9:15 PM IST

बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने वाले 10 उम्मीदवारों के चुनावी हलफनामों से कई रोचक जानकारियां सामने आई हैं. उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता, संपत्ति, देनदारियां और पारिवारिक स्थिति से जुड़े खुलासों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा जदयू उम्मीदवार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की शिक्षा को लेकर हो रही है.

चुनावी हलफनामे के अनुसार निशांत कुमार ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी नहीं की है. उन्होंने इंजीनियरिंग कोर्स के आठ सेमेस्टर में से केवल पांच सेमेस्टर तक ही पढ़ाई की. उनके हलफनामे में यह जानकारी दर्ज है. बिहार की राजनीति में सक्रिय भूमिका से दूर रहने वाले निशांत कुमार के चुनावी मैदान में आने के बाद यह जानकारी चर्चा का विषय बन गई है.

Advertisement

न डिग्री पूरी हुई, न कैंपस प्लेसमेंट

संपत्ति के मामले में निशांत कुमार के पास कुल 4.63 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज की गई है. उनके पास दो गाड़ियां भी हैं. हालांकि संपत्ति के मामले में वह चुनाव मैदान के सबसे अमीर उम्मीदवार नहीं हैं. सबसे ज्यादा संपत्ति राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवार सुनील कुमार सिंह के पास है. चुनावी हलफनामे के अनुसार वह करीब 54 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं. उनकी पत्नी के पास लगभग ढाई किलो सोना और 35 किलो चांदी के आभूषण हैं. इस तरह संपत्ति के मामले में वह सभी उम्मीदवारों से काफी आगे हैं.

भोजपुरी अभिनेता और भाजपा उम्मीदवार पवन सिंह के हलफनामे में भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं. हलफनामे के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति 19.44 करोड़ रुपये है. लोकसभा चुनाव 2024 के बाद से उनकी संपत्ति में करीब 2.7 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है. उनके पास करीब चार करोड़ रुपये कीमत की चार गाड़ियां हैं, जिनमें एक लैंड क्रूजर भी शामिल है.

Advertisement

पवन सिंह की संपत्ति 19.44 करोड़ रुपये

पवन सिंह के हलफनामे में यह भी उल्लेख किया गया है कि उनकी पत्नी अभी भी ज्योति सिंह हैं. हालांकि उन्होंने जानकारी दी है कि दोनों के बीच तलाक का मामला फिलहाल अदालत में लंबित है. भाजपा उम्मीदवार डॉ. संजय मयूख के पास 3.7 करोड़ रुपये की संपत्ति है. हलफनामे के अनुसार पिछले छह वर्षों में उनकी संपत्ति में 2.12 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है.

दूसरी ओर भाजपा उम्मीदवार शीला पंडित सबसे अधिक कर्ज वाली उम्मीदवार के रूप में सामने आई हैं. उनके पास 29.68 लाख रुपये की संपत्ति है, जबकि उन पर 31.13 लाख रुपये का ऋण भी है. जदयू उम्मीदवार भारती मेहता की कुल संपत्ति 6.34 करोड़ रुपये है. उनके पास 89 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण हैं. हलफनामे के अनुसार वह अपने पति से अधिक संपत्ति की मालिक हैं.

जदयू उम्मीदवार शिवरानी देवी प्रजापति की शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास दर्ज की गई है. उनके पति के नाम पर केवल डेढ़ लाख रुपये की अचल संपत्ति है. हलफनामे के अनुसार उनके पास कोई वाहन भी नहीं है. भाजपा उम्मीदवार अनिल ठाकुर के पास 24 लाख रुपये की संपत्ति दर्ज की गई है. वहीं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के उम्मीदवार अशरफ अंसारी के पास 1.95 करोड़ रुपये की संपत्ति है. उन्होंने एलएलबी की पढ़ाई की है.

Advertisement

शीला पंडित पर सबसे ज्यादा कर्ज

बिहार विधान परिषद चुनाव के उम्मीदवारों के हलफनामों ने एक बार फिर यह दिखाया है कि चुनावी राजनीति में उम्मीदवारों की शिक्षा, संपत्ति और व्यक्तिगत जानकारियां किस तरह सार्वजनिक होती हैं. इस बार सबसे ज्यादा चर्चा निशांत कुमार की अधूरी इंजीनियरिंग पढ़ाई और सुनील कुमार सिंह की भारी-भरकम संपत्ति को लेकर हो रही है.
 

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »