क्यों सूख जाते हैं नर्सरी से लाए पौधे? कहीं आप तो नहीं कर रहे ये गलतियां
23 Feb 2026
आजतक एग्रीकल्चर डेस्क
नर्सरी से लाया गया पौधा शुरुआत में हरा-भरा दिखता है, लेकिन कुछ ही दिनों में उसकी पत्तियां झुकने लगती हैं, पीली पड़ जाती हैं और ग्रोथ रुक जाती है. अक्सर हम समझते हैं कि पानी या धूप की कमी है, जबकि असली वजह कुछ बेसिक गलतियां होती हैं.
Photo: Pixabay
मिट्टी न बदलना
नर्सरी की मिट्टी में कई बार केमिकल फर्टिलाइज़र या ग्रोथ बूस्टर मिले होते हैं. ये पौधे को तेजी से बड़ा तो दिखाते हैं, लेकिन घर के सामान्य माहौल में वही मिट्टी लंबे समय तक सही नहीं रहती. अगर मिट्टी नहीं बदली जाए, तो जड़ें कमजोर हो सकती हैं और पौधा धीरे-धीरे सूखने लगता है.
Photo: Pixabay
नेट पॉट न हटाना
कई पौधे छोटे प्लास्टिक नेट पॉट या सख्त रूट बॉल में आते हैं. अगर इसे हटाया न जाए, तो जड़ों को फैलने की जगह नहीं मिलती. जड़ें घुमकर आपस में उलझ जाती हैं और पौधे की ग्रोथ रुक जाती है.
Photo: Pixabay
गलत तरीके से रीपॉटिंग
कुछ लोग तुरंत खाद डाल देते हैं या जड़ों को ज्यादा छेड़ देते हैं. इससे “ट्रांसप्लांट शॉक” लग सकता है. रिपॉटिंग करते समय हल्की, अच्छी ड्रेनेज वाली मिट्टी का इस्तेमाल करें और 2–3 हफ्ते तक तेज खाद न दें.
Photo: Pixabay
क्या करें?
पौधा लाने के 5–7 दिन बाद ही रिपॉट करें. नेट पॉट हो तो सावधानी से काटकर हटाएं. नई मिट्टी में हल्का कम्पोस्ट मिलाएं. रिपॉटिंग के बाद 2–3 दिन सीधी धूप से दूर रखें.